उर्स -ए-शराफत मियां को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, मंगलवार शाम 6 बजे से 26 अगस्त कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्जन, कई रूटों पर वाहनों की एंट्री रहेगी प्रतिबंधित
बरेली: बारावफात (ईद मिलादुन्नबी) और उर्स-ए-शराफत मियां को लेकर बरेली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है।25 अगस्त की शाम 6 बजे से 26 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए निर्धारित डायवर्जन लागू रहेगा। कार्यक्रम के दौरान भीड़ बढ़ने पर चारपहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के रूट में भी बदलाव किया जा सकता है।
इन रास्तों से शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद
शहर के मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, ईसाइयों की पुलिया, वियावान कोठी, ऑफिसर्स मेस तिराहा, सैटेलाइट तिराहा से शहर की ओर तथा रामगंगा तिराहा से चौपला की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
दिल्ली-रामपुर से आने वाले भारी वाहनों का रूट

दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बरेली शहर में प्रवेश न देकर झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर-1 और बड़े बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्टनगर भेजा जाएगा। लखनऊ जाने वालों के लिए ये रहेगा रास्ता लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से नवलखा, नवलयधाम और इन्वर्टिस होते हुए निर्धारित मार्ग से आगे जा सकेंगे।
बदायूं जाने वाले वाहनों का डायवर्जन
बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए बड़े बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा और फरीदपुर-बुखारा मोड़ होकर आवागमन की व्यवस्था की गई है।
रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें मिनी बाईपास, इज्जतनगर, डेलापीर, 100 फुटा पूर्वी और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड पहुंचेंगी। वहीं, नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाली बसों के लिए सौ फुटा रोड और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है।
भीड़ बढ़ी, तो इन रास्तों पर छोटे वाहनों पर भी लग सकता है प्रतिबंध

जुलूस के दौरान भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए चारपहिया वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी कुछ मार्गों पर अस्थायी रोक लगाई जा सकती है। इनमें अशोक नगर तिराहा, सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर, मूर्ति नर्सिंग होम से गंगापुर, मठ की चौकी, श्यामगंज चौराहा से कालीबाड़ी तथा बरेली कॉलेज, पटेल चौक और चौपला चौराहे से नावल्टी की ओर जाने वाले मार्ग शामिल हैं।
ट्रैफिक पुलिस की अपील, वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने आमजन से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
