बाइक जब्त करने से नाराज लोगों ने किया हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल; पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में लिया, फरार आरोपियों की तलाश जारी
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमले का मामला सामने आया है। भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में बाइक जब्त करने की कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालने के बाद ईंट और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की। घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
बाइक जब्त करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे भलस्वा डेयरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश जनता विहार इलाके में गश्त और वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मोटरसाइकिल मिली, जिसके वैध दस्तावेज मौजूद नहीं थे। पुलिस ने नियमानुसार मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने में जमा करा दिया। करीब आधे घंटे बाद दोनों पुलिसकर्मी दोबारा बीट क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग वहां पहुंच गए और मोटरसाइकिल जब्त किए जाने को लेकर पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे।
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर किया हमला
पुलिस का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद अचानक हिंसा में बदल गया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की गई। पुलिसकर्मियों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू पर भी हमला किया गया। घटना में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट आई है। सभी घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
एक किशोर हिरासत में, अन्य आरोपी फरार
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी 17 वर्षीय किशोर है, जिसे विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर के तौर पर हिरासत में लिया गया है। वहीं हमले में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
मामले में भलस्वा डेयरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य फरार आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले एडीपीएस अधिनियम से जुड़े बताए गए हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भलस्वा डेयरी की यह घटना राजधानी में कानून व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है। पुलिस अब हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
