लालपुर चौराहे के पास हुआ हादसा, मौसी को दवा दिलाकर लौट रहा था भांजा; मौके पर नीलम की मौत, अस्पताल में देव ने तोड़ा दम
बरेली: इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बड़े बाइपास पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लालपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी मौसी की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना करीब ढाई बजे इज्जतनगर थाना प्रभारी को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक के साथ दो लोग पड़े मिले। पुलिस ने दोनों की पहचान देव पटेल और नीलम पटेल के रूप में की। हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया।
मौसी को दवा दिलाने भोजीपुरा गया था देव
पुलिस की जांच में सामने आया कि 23 वर्षीय देव पटेल नत्थू रम्पुरा गांव के प्रधान का बेटा था। 24 वर्षीय नीलम पटेल उसकी मौसी थीं। नीलम की शादी सुरेंद्र पटेल से हुई थी और उनके परिवार का संबंध कैंट क्षेत्र के बरी नगला गांव से है। नीलम पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बारादरी थाना क्षेत्र के डोहरा गांव में मकान बनाकर रह रही थीं। बताया गया कि उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। इसी वजह से देव अपनी मौसी को दवा दिलाने भोजीपुरा ले गया था।
लौटते समय हादसे ने छीनी दोनों की जिंदगी
भोजीपुरा से दवा लेकर देव अपनी मौसी नीलम के साथ बाइक से डोहरा लौट रहा था। इसी दौरान लालपुर चौराहे के पास बड़े बाइपास पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।हादसे में नीलम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देव पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। एक ही हादसे में मौसी और भांजे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
