सपा प्रमुख ने प्रयागराज की बाढ़ पर कहा-हवाई सर्वे नहीं, सड़क पर उतरकर करें जनता का सामना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा को लेकर कहा कि ‘भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गैंग है।’ उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई, पीडीए समाज के कथित उत्पीड़न और प्रयागराज में बाढ़-जलभराव को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
एसपी चीफ बोले – भाजपा सत्ता के दुरुपयोग को अधिकार समझती है

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में जुल्म-ज्यादती की पराकाष्ठा हो गई है और सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या और लूट की घटनाएं हो रही हैं तथा महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। सपा प्रमुख ने सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे को भी निशाने पर लेते हुए इसे झूठा बताया।उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और सरकारी बजट की लूट से किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी, गरीब और मध्यम वर्ग समेत प्रदेश की बड़ी आबादी परेशान है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।
राम मंदिर चढ़ावे को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना
एसपी चीफ ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे से जुड़े कथित विवाद को भी उठाया उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चढ़ावा चोरी और राम धन की कथित लूट को गंभीरता से नहीं लिया तथा इसमें शामिल बड़े लोगों को बचाने का काम किया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कथित षड्यंत्रों को समाजवादी पार्टी ही विफल कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज भाजपा को सत्ता से हटाने का निर्णय कर चुका है।
प्रयागराज के जलभराव पर सरकार को घेरा

उन्होंने प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में जलभराव से प्रभावित इलाकों की तस्वीरों का हवाला देते हुए सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकुंभ और प्रयागराज के विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर धन खर्च किया गया, लेकिन इसके बावजूद हजारों घरों का जलमग्न होना सरकारी दावों पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि केवल हवाई सर्वे से काम नहीं चलेगा और सरकार को सड़कों पर उतरकर जनता का सामना करना चाहिए। अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रयागराज में 7-8 हजार करोड़ रुपये के लिखित खर्च और कई हजार करोड़ रुपये के कथित अतिरिक्त खर्च को लेकर भी सवाल उठाए। हालांकि, इन खर्चों को लेकर लगाए गए आरोपों पर सरकार या संबंधित विभाग का पक्ष इस बयान में शामिल नहीं है।
2027 में भाजपा की सत्ता से विदाई तय
सपा प्रमुख ने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार से परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सत्ता से बाहर जाना तय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी को न्याय, सम्मान और अधिकार मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि केवल नाम बदलने से व्यवस्था नहीं बदलती, बल्कि सरकार को अपनी कार्यप्रणाली और नीयत बदलनी चाहिए। अखिलेश ने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार को बदलने का मन बना चुकी है।
खिलाड़ियों और प्रतिभाओं के लिए ‘यश भारती’ का वादा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में खिलाड़ियों के सम्मान और खेल सुविधाओं को लेकर भी भविष्य की योजना बताई।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग के जरिए खिलाड़ियों को ओलंपिक और अन्य बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के लिए सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अभी से खिलाड़ियों, कलाकारों, चित्रकारों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और प्रोफेशनल्स समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं की सूची तैयार कर रही है।अखिलेश ने दावा किया कि भविष्य में ‘यश भारती’ पुरस्कार पाने वालों को एक लाख रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि देने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में यश भारती पाने वाले लोगों की सम्मान राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रतिमाह करने और राशि की पुनर्बहाली की बात भी कही।इस दौरान सांसद अवधेश प्रसाद, सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी समेत पार्टी के नेता,कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
