लखनऊ/लखीमपुर खीरी : यूपी के लखीमपुर खीरी जिले से एक रियल लाइफ लव स्टोरी ने बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ की याद दिला दी। यहां न कोई ट्रेन थी, न बैकग्राउंड म्यूज़िक, लेकिन पंचों के सामने एक पति ने अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में थमाकर सबको चौंका दिया। यह मामला निघासन थाना क्षेत्र का है, जहां 18 साल से शादीशुदा महिला का अपने देवर (पति के ताऊ का बेटा) से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला झारखंड की रहने वाली है और तीन बच्चों की मां है। उसका प्रेमी भी शादीशुदा है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पति को जब इस संबंध की जानकारी मिली, तो उसने पहले दोनों को समझाने की कोशिश की। लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ, तो उसने पंचायत बुलाई। इसके बाद भरी सभा में उसने पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में सौंपते हुए साथ जाने की इजाजत दे दी। यही नहीं, उसने दोनों की शादी कराने की बात भी कह दी।
इलाके में चर्चा का माहौल
इस घटनाक्रम के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। कुछ लोग इसे ‘प्रेम की जीत’ बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे पारिवारिक मूल्यों के लिए खतरा मान रहे हैं। दूसरी तरफ, प्रेमी की पत्नी इस फैसले से नाराज होकर बच्चों को लेकर मायके चली गई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति उस पर शक करता था और मारपीट करता था, जबकि प्रेमी ने पंचायत के बाद कहा कि वह इस रिश्ते को लेकर असमंजस में है। क्योंकि, उसकी पत्नी अब साथ नहीं है। स्थानीय पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। कोतवाल महेश चंद्र ने मीडिया को बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि यूपी और देश के कई इलाकों में हाल के महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं। जिनमें पति-पत्नी और प्रेमी के त्रिकोण में पंचायत ने अहम भूमिका निभाई है।
![]()
