बरखेड़ा के नारायणपुर गांव में उधार सामान को लेकर हुआ विवाद, 70 वर्षीय किराना व्यापारी पर पड़ोसियों ने किया हमला; इलाज के दौरान मौत
पीलीभीत: जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र में उधार सामान देने से मना करना एक किराना व्यापारी को भारी पड़ गया था। नारायणपुर गांव में उधार सामान को लेकर हुए विवाद के बाद पड़ोसियों ने 70 वर्षीय दुकानदार श्रीपाल गुप्ता पर बेलचे से हमला कर हत्या कर दी थी। हालांकि, गंभीर रूप से घायल श्रीपाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधार सामान को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि नारायणपुर गांव निवासी श्रीपाल गुप्ता अपने घर में ही किराना की दुकान चलाते थे। 18 अगस्त की रात पड़ोसी सुनील कुमार उर्फ भोला उनकी दुकान पर उधार सामान लेने पहुंचा था। श्रीपाल ने उधार सामान देने से मना किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद सुनील अपने भाई सुशील और पिता महेंद्र पाल के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। इस दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने श्रीपाल पर हमला कर दिया।
बेलचे से हमला कर किया गंभीर घायल
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने श्रीपाल पर बेलचे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में श्रीपाल को बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान हुई दुकानदार की मौत
श्रीपाल को बेहतर उपचार के लिए बरेली रेफर किया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग दुकानदार की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुशील, सुनील और महेंद्र पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी की।
एसपी ने बताया क्या हुआ
एसपी पीलीभीत सुकीर्ति माधव ने बताया कि बरखेड़ा पुलिस को नारायणपुर गांव में 70 वर्षीय श्रीपाल गुप्ता पर हमला किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल श्रीपाल को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उन्हें बरेली रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, राशन की दुकान पर उधार सामान न देने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सुशील, सुनील और महेंद्र पाल ने हमला किया। तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
