बरेली : सोशल मीडिया पर आत्मघाती पोस्ट के बाद मेटा (Meta) की त्वरित अलर्ट प्रणाली और कैंट पुलिस की सतर्कता से एक युवक की भी जान बच गई। महिला मित्र द्वारा बातचीत बंद किए जाने से मानसिक तनाव में आए युवक ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट साझा कर दी। पोस्ट सामने आते ही मेटा ने पुलिस मुख्यालय को अलर्ट भेजा। इसके बाद सूचना कैंट पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने महज 15 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंचकर उसकी काउंसलिंग की और आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया।
महिला मित्र से बातचीत बंद होने के बाद बढ़ा तनाव
पुलिस के अनुसार, कैंट क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां निवासी एक युवो सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान के बूंदी निवासी एक विवाहिता महिला के संपर्क में आया था। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी।बताया गया कि पिछले दो-तीन दिनों से महिला ने युवक के फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया।
सोशल मीडिया पोस्ट से सक्रिय हुआ मेटा अलर्ट
युवक ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या का संकेत देने वाली पोस्ट साझा की। पोस्ट अपलोड होते ही मेटा की सुरक्षा प्रणाली ने इसे गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय को अलर्ट भेजा। वहां से तत्काल सूचना बरेली की कैंट पुलिस को दी गई।
15 मिनट में घर पहुंची पुलिस, काउंसलिंग से बची जान
कैंट पुलिस के निर्देशन में नकटिया चौकी प्रभारी रोहित तोमर पुलिस टीम के साथ करीब 15 मिनट में युवक के घर पहुंचे। पुलिस ने युवक से बातचीत कर उसकी काउंसलिंग की और समझाया कि भावनात्मक तनाव में उठाया गया कोई भी कदम उसके परिवार और भविष्य पर गंभीर असर डाल सकता है। बातचीत के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का भरोसा दिया।
परिजनों को भी किया सतर्क
काउंसलिंग के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को भी सतर्क रहने और उसे अकेला न छोड़ने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय पर मिले मेटा अलर्ट और त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बचाई जा सकी।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या भावनात्मक परेशानी से गुजर रहा हो तो वह अपने परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से खुलकर बात करे। सोशल मीडिया पर आत्मघाती पोस्ट करने के बजाय समय रहते मदद लेना जीवन बचाने का सबसे प्रभावी तरीका है।
