सपा प्रमुख बोले -भाजपा के शब्दकोश में जवाबदेही नहीं,देश भाषण सुनने के मूड में नहीं
लखनऊ/नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने बुधवार को भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, जवाबदेही की कमी और सरकारी व्यवस्थाओं को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने जेवर एयरपोर्ट, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे, शिक्षा व्यवस्था और अयोध्या से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला। डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में शिक्षा, परीक्षा, स्वास्थ्य और निर्माण कार्यों समेत विभिन्न क्षेत्रों में भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के पेपर लीक होने, प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने और शिक्षा-स्वास्थ्य के निजीकरण को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। निर्माण कार्यों में बजट की लूट और कमीशनखोरी का भी उन्होंने आरोप लगाया।
जेवर एयरपोर्ट पर पानी भरा, एक्सप्रेस-वे पर गड्ढे
सपा सांसद डिंपल यादव ने नवनिर्मित जेवर एयरपोर्ट पर जलभराव और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह गड्ढों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों और विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और विश्वविद्यालयों में आरएसएस से जुड़े लोगों को कुलपति बनाए जाने का आरोप लगाया।
अखिलेश बोले- जवाबदेही भाजपा के शब्दकोश में नहीं
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने संसद में सरकार द्वारा जवाब देने के लिए प्रस्तावित समय-सीमा को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि जवाबदेही किसी समय-सीमा की शर्त पर नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व के आधार पर तय होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय संसद सत्र को समाप्त करने की जल्दबाजी में है। उन्होंने कहा कि देश केवल भाषण सुनने के मूड में नहीं है और गंभीर मुद्दों पर ठोस जवाब तथा कार्रवाई चाहता है। अखिलेश ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां भाजपा की सरकार है, वहां भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
जनतंत्र को धनतंत्र मानती है भाजपा
हमीरपुर में सड़क निर्माण को लेकर स्कूली बच्चों के प्रदर्शन का हवाला देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन जनता तक नहीं पहुंचेगा तो जनता अपनी बात पहुंचाने के लिए उनके कार्यालयों तक जाएगी। उन्होंने भाजपा पर ‘ऊपर से नीचे तक एकतंत्र’ स्थापित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का उद्देश्य समाज के उत्थान और कल्याण के लिए होना चाहिए।अखिलेश ने कहा, ‘यदि जन -कल्याण नहीं तो सरकार नहीं।’भ्रष्टाचार के आरोपों में जल जीवन मिशन-अयोध्या का भी जिक्र किया। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे के अलावा जल जीवन मिशन की पानी की टंकियों और अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने गंभीर मुद्दों के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है।
FCRA बिल पर भी सरकार को घेरा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने FCRA बिल का विरोध करते हुए कहा कि विपक्ष इस विधेयक के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के विधेयकों का असर अल्पसंख्यकों पर पड़ रहा है। इसी बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपराध को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने गोरखपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद होने का दावा करते हुए कानून -व्यवस्था पर सवाल उठाया और कहा कि प्रदेश में अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है, यह सवाल सरकार को जवाब देना चाहिए।
