बरेली : यूपी के बरेली जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ डीएम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग और राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई कर अमान्य Inter-State Transit Pass (ISTP) के जरिए खनिज परिवहन का प्रयास पकड़ लिया। जांच में ट्रांजिट पास M-Check App पर Invalid मिला। इसके बाद वाहन चालक, वाहन स्वामी और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।प्रशासन के अनुसार अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जनपद में लगातार वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में मुड़िया मुकर्रमपुर टोल प्लाजा के निकट एसडीएम बहेड़ी द्वारा राजस्व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
अमान्य था ट्रांजिट पास
जांच के दौरान लेखपाल शुभम राजपूत और दिवाकर गंगवार ने वाहन संख्या UP25ET5358 को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की। वाहन परिचालक द्वारा प्रस्तुत Inter-State Transit Pass (ISTP) का सत्यापन M-Check App से किया गया, जिसमें ट्रांजिट पास Invalid पाया गया। जांच में सामने आया कि अभिलेख में ISTP संख्या 6863202601942701145 तथा Origin Transit Pass No. OJ00422222394 अंकित था। दस्तावेजों के अनुसार वाहन का मूल स्थान उत्तराखंड के नैनीताल जनपद की लालकुआं तहसील स्थित हथीखाल गांव दर्शाया गया था, जबकि प्रवेश और गंतव्य जिला बरेली अंकित था।।ISTP संदिग्ध मिलने पर एसडीएम बहेड़ी के निर्देश पर नायब तहसीलदार दिवाकर सिंह ने वाहन को कब्जे में लेकर बहेड़ी थाने की सुपुर्दगी में दे दिया।
खनन अधिकारी ने दर्ज कराया मुकदमा
इसके बाद पूरे मामले की सूचना खनन अधिकारी को दी गई। इस मौके पर पहुंचकर खनन अधिकारी ने भी M-Check App से दस्तावेजों का सत्यापन किया। इसमें ISTP दोबारा Invalid पाया गया। प्रकरण को गंभीर मानते हुए खनन अधिकारी ने वाहन चालक, वाहन स्वामी और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। प्रशासन का कहना है कि खनिजों के परिवहन के लिए वैध ISTP और अन्य आवश्यक अभिलेख अनिवार्य हैं। यदि कोई व्यक्ति अमान्य ट्रांजिट पास या बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम बहेड़ी ने स्पष्ट किया कि डीएम के निर्देशानुसार अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।
