सांसद डिंपल यादव ने उठाई राम मंदिर चढ़ावा और छात्रों के मुद्दे पर चर्चा की मांग
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले, शिक्षा-परीक्षा और छात्रों के मुद्दों पर सरकार चर्चा से बच रही है। उनका कहना था कि विपक्ष इन विषयों पर सदन में बहस चाहता है, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा-परीक्षा और राम मंदिर चढ़ावे का मुद्दा आपस में जुड़ा हुआ है और दोनों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में बड़े लोगों की भूमिका की चर्चा हो रही है, लेकिन सरकार इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही।
भाजपा अब प्रभु श्रीराम के नाम पर बात नहीं करना चाहती
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अब प्रभु श्रीराम के नाम पर भी खुलकर बात नहीं करना चाहती। सपा प्रमुख ने दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया तथा अब उनके डेटा एकत्र किए जाने की बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की। रोजगार, आरक्षण और किसानों के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और आरक्षण व्यवस्था प्रभावित हुई है।
एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का उठाया सवाल
सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसानों को आलू का दाम एक रुपये प्रति किलो मिल रहा है तो ऐसे में एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य कैसे हासिल होगा। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे को लेकर भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला भी किया। इसके साथ ही अन्य मुद्दों पर भी भाजपा सरकार को घेरा
राम मंदिर चढ़ावा, शिक्षा और स्कूलों के मुद्दे पर डिंपल यादव का सरकार पर हमला
सपा की लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने संसद परिसर में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले पर सदन में चर्चा होनी चाहिए, क्योंकि यह लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में युवाओं और बच्चों की स्थिति चिंताजनक है तथा सरकार प्राथमिक विद्यालय बंद कर रही है। डिंपल यादव ने यह भी सवाल उठाया कि देश का पैसा आखिर किस काम में खर्च किया जा रहा है। यह बयान समाजवादी पार्टी की ओर से जारी राजनीतिक प्रतिक्रिया का हिस्सा है।
