बरेली : यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बरेली की सियासत में सोमवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता शरीफ अली अल्वी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सदस्यता ग्रहण कर ली। शहर के सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें नीला पटका पहनाकर संगठन में शामिल कराया। सदस्यता ग्रहण करने के बाद शरीफ अली अल्वी ने कहा कि देश और प्रदेश में दबे, कुचले, शोषित और अल्पसंख्यक समाज की आवाज आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं की संघर्षशील कार्यशैली और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।
जनहित के मुद्दों पर सरकार फेल
बैठक में वक्ताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है। नेताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने दावा किया कि शरीफ अली अल्वी के पार्टी में आने से बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। बैठक में पार्टी और भीम आर्मी के मंडल व जिला स्तर के पदाधिकारी, जिनमें अजय प्रधान, अमर सिंह, अच्छन अंसारी, मनोज सागर और अतुल वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नवागत सदस्य मौजूद रहे।
