भोर से ही नाथ मंदिरों में लगीं श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, कछला और हरिद्वार से पहुंचे कांवड़ियों ने गंगाजल से किया जलाभिषेक
बरेली : सावन के दूसरे सोमवार पर नाथ नगरी बरेली पूरी तरह शिवमय नजर आई। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष के बीच हजारों शिवभक्तों और कांवड़ियों ने शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों में गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। आधी रात के बाद से ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सुबह होते-होते बनखंडीनाथ,पशुपतिनाथ, अलखनाथ,त्रिवटीनाथ,धोपेश्वरनाथ, मढ़ीनाथ और तपेश्वरनाथ मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। कछला गंगा घाट और हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों के जत्थे लगातार शहर पहुंचते रहे। बदायूं मार्ग से लेकर शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों तक भगवा वस्त्रधारी शिवभक्तों का सैलाब दिखाई दिया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के कारण यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए पहले से व्यापक इंतजाम किए थे।
मध्यरात्रि से शुरू हुई आस्था की कतारें
आधी रात के बाद ही नाथ मंदिरों के बाहर श्रद्धालु जुटने लगे थे।त्रिवटीनाथ, धोपेश्वरनाथ और पशुपतिनाथ मंदिरों में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। वहीं बनखंडीनाथ, अलखनाथ, मढ़ीनाथ और तपेश्वरनाथ मंदिरों में भी सुबह से लेकर दोपहर तक जलाभिषेक का सिलसिला लगातार चलता रहा। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
कांवड़ियों का पुष्पवर्षा से स्वागत
कछला घाट से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों का शहर में जगह-जगह सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों और स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जहां भोजन, पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था रही। बनखंडीनाथ मंदिर पहुंचने वाले कांवड़ियों का भी फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा, अधिकारियों ने संभाली कमान
कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। एसएसपी अनुराग आर्य ने देर रात चौबारी रामगंगा घाट से लेकर देवचरा, भमोरा होते हुए बदायूं सीमा तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। वहीं तड़के एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक ने शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर परिसरों, कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की गई।
शिवभक्ति में सराबोर रही नाथ नगरी
सावन के दूसरे सोमवार पर पूरा शहर शिवभक्ति में डूबा नजर आया। मंदिरों में घंटों-घड़ियालों की ध्वनि, शिव स्तुति और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने अनुशासन और शांति के साथ जलाभिषेक किया। प्रशासन और मंदिर समितियों की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। पूरे दिन नाथ नगरी में आस्था, सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
