कर्मचारियों-पेंशनरों को 60% महंगाई भत्ता,सड़क,पानी,पार्किंग और ऑडिटोरियम समेत करोड़ों की योजनाओं को हरी झंडी
बरेली: बरेली छावनी बोर्ड की साधारण बैठक में छावनी क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। ब्रिगेडियर ए.पी.एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए 1 जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) मंजूर की गई। इसके साथ ही सड़क निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था के आधुनिकीकरण, मल्टी-लेवल पार्किंग, आधुनिक ऑडिटोरियम और आर.एन. टैगोर इंटर कॉलेज में नए अकादमिक ब्लॉक जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में लेखा नगर में इंटरलॉकिंग टाइल सड़क निर्माण, वृंदावन गेस्ट हाउस की मरम्मत, सदर बाजार में पैदल मार्गों के सुधार और प्री-कास्ट ड्रेन कवर लगाने के प्रस्ताव पारित किए गए।
60% DA से लेकर मल्टी-लेवल पार्किंग को मंजूरी

रात्रिकालीन सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए डेकोरेटिव इलेक्ट्रिक पोल, जबकि सड़क सुरक्षा के लिए रोड साइन बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग और रोड मार्किंग विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। बोर्ड ने प्रशासनिक और नागरिक सेवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए फाइल कॉम्पैक्टर, ऑनलाइन यूपीएस, CCTV स्टोरेज सिस्टम, नए स्वच्छता वाहन और ट्री प्रूनिंग मशीन खरीदने की मंजूरी दी। वहीं, दीर्घकालिक विकास योजनाओं के लिए ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड को SCADA आधारित जलापूर्ति प्रणाली, मल्टी-लेवल पार्किंग, आधुनिक ऑडिटोरियम और नए शैक्षणिक भवनों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी का जिम्मा सौंपा गया।
छावनी बोर्ड ने विकास योजनाओं को दी मंजूरी
स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए GeM पोर्टल के माध्यम से एक वर्ष के लिए आउटसोर्स मानवबल रखने का फैसला लिया गया। साथ ही Garbage to Gold Centre से निकलने वाले पुनर्चक्रण योग्य कचरे की नीलामी और बरेली छावनी को ODF++ प्रमाणन दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने को मंजूरी दी गई। बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से कारगिल चौक के पुनर्विकास और विस्तार के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) भी जारी किया गया।
छावनी में विकास का ब्लूप्रिंट तैयार
हालांकि,मिनी हाई-मास्ट लाइट, गार्डन बेंच, धोपेश्वर नाथ मंदिर तालाब के पुनर्जीवन और बैटरी चालित मिनी रोड स्वीपर जैसे कुछ प्रस्तावों को तकनीकी परीक्षण और विस्तृत योजना के लिए अगली बैठक तक स्थगित कर दिया गया। छावनी बोर्ड ने कहा कि इन निर्णयों का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और तकनीक -सक्षम सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बरेली छावनी का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।
