शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की करीब 3.10 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति नीलाम की जाएगी। ऋण की वसूली के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उनकी संपत्ति पर नीलामी का नोटिस चस्पा कर दिया है। बैंक ई-ऑक्शन के माध्यम से संपत्ति की बिक्री करेगा।
16.61 करोड़ रुपये का बकाया, बैंक ने शुरू की कार्रवाई
बैंक के अनुसार अभिनेता राजपाल यादव, उनकी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी देवी पर करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपये का ऋण बकाया है। निर्धारित समय में ऋण का भुगतान नहीं होने पर मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी) के आदेश के बाद संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गांव की जमीन, भवन और फ्लैट भी नीलामी में शामिल
जारी नोटिस के मुताबिक शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र स्थित पैतृक गांव कुंडरा की जमीन, उस पर बने भवन तथा मुंबई समेत अन्य स्थानों पर स्थित फ्लैट भी नीलामी प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं। बंडा स्थित संपत्ति का मूल्य लगभग 3.10 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
9 सितंबर को होगी ई-ऑक्शन, 7 सितंबर तक जमा होंगी बोलियां
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के स्थानीय प्रबंधक अनुज वर्मा ने बताया कि न्यायाधिकरण के निर्देशों के अनुसार ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक खरीदार 7 सितंबर तक ऑनलाइन बोली जमा कर सकेंगे, जबकि 9 सितंबर को संपत्ति की नीलामी की जाएगी।
‘अता पता लापता’ के बाद बढ़ीं आर्थिक मुश्किलें
बताया जाता है कि वर्ष 2012 में फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के बाद अभिनेता राजपाल यादव आर्थिक और कानूनी चुनौतियों में घिर गए। फिल्म के अपेक्षित प्रदर्शन न करने के बाद वित्तीय संकट गहराता गया। अब ऋण की अदायगी न होने पर बैंक ने उनकी संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
