भोजीपुरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दारोगा को भी दी थी धमकी, पहले से दो आपराधिक मुकदमे दर्ज
बरेली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को भोजीपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 31 जुलाई को डायल-112 पर फोन कर मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।मंगलवार को लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार, निवासी माइन विलेज, घंघोरा पिपरिया रोड, थाना भोजीपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की और लगातार अपना गलत पता व लोकेशन बताता रहा। दारोगा को भी दी थी धमकी
जांच के दौरान उपनिरीक्षक सुशील कुमार ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने उन्हें भी निलंबित कराने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद हाथ जोड़कर मांगी माफी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया।इसमें वह पुलिस हिरासत में हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से माफी मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता है, “योगी जी, माफ कर दीजिए।” पुलिस हिरासत से बाहर लाते समय वह लंगड़ाता हुआ भी नजर आया।
पहले से दर्ज हैं दो मुकदमे
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई है। उसके खिलाफ इज्जतनगर थाने में वर्ष 2024 और 2026 के दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। 31 जुलाई को उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री समेत किसी भी जनप्रतिनिधि या अधिकारी को धमकी देने के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
