राम मंदिर चढ़ावा चोरी, उपचुनाव, ई-20 पेट्रोल और 2027 के चुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना, बोले- बिना बेईमानी जनता कितना वोट देती है, इसका टेस्ट कर रही थी भाजपा
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उपचुनाव के नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को अपनी 12 साल की सरकार का “रिटर्न गिफ्ट” मिला है। उनका आरोप था कि भाजपा इस उपचुनाव के जरिए यह परख रही थी कि बिना कथित बेईमानी के उसे जनता कितना समर्थन देती है और लोगों में उसके प्रति कितनी नाराजगी है। अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत से खुशी हुई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया और मध्य प्रदेश व झांसी संगठन ने सक्रिय सहयोग दिया।
मंदिर से चढ़ावे की चोरी “महापाप”
उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि मंदिर से चढ़ावे की चोरी “महापाप” है। इसी संदर्भ में उन्होंने टिप्पणी की कि “दान पात्र में ऊपर ताला है, लेकिन नीचे सुरंग है।” साथ ही उन्होंने सवाल किया कि इस मामले पर भाजपा जवाब क्यों नहीं दे रही। ई-20 पेट्रोल को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यदि यह वास्तव में बेहतर ईंधन है, तो ऑटोमोबाइल कंपनियों को इसके फायदे, माइलेज, रखरखाव और लागत में कमी को लेकर खुलकर विज्ञापन देना चाहिए। उनका कहना था कि यदि कंपनियां ऐसा नहीं कर रहीं, तो इससे सरकार और कंपनियों की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।
संविधान की भावना के विपरीत अपने मुकदमे लिए वापस

सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मुकदमे लंबित हैं, वे चलते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने पहले संविधान की भावना के विपरीत अपने मुकदमे वापस लिए थे। अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी।
सपा विधायकों का विधानसभा में जोरदार प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश विधानसभा परिसर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के विधायकों ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा विधायकों ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी प्रकरण, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं, खाद की किल्लत, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाला और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे विधानसभा

लाल टोपी पहने सपा विधायक हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और “प्रभु श्रीराम का पैसा कहां मिलेगा? बीजेपी के खाते में”, “चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़” तथा “भगवान श्रीराम का धन, बीजेपी ने किया गबन” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित पार्टी के सभी विधायक शामिल रहे। सपा ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर जवाब देने में विफल रही है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
