DM का बड़ा फैसला, भीड़ और जाम से बचाव के लिए 6 से 8 अगस्त तक विशेष व्यवस्था, 10 प्रमुख स्कूल तीन दिन बंद
बरेली : 108वें उर्स-ए-आला हज़रत के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने शहर में सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर 6, 7 और 8 अगस्त को उर्स स्थल के आसपास स्थित 10 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, 8 अगस्त को पूरे नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। प्रशासन के अनुसार 6 से 8 अगस्त तक इस्लामिया इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और जायरीन के पहुंचने की संभावना है।
जायरीन की भीड़ को लेकर फैसला
भारी भीड़ और संभावित यातायात जाम को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि उर्स स्थल के आसपास के मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रहेगी, जिससे स्कूलों के संचालन में कठिनाई आ सकती है। इसी कारण एहतियातन अवकाश घोषित किया गया है।
इन 10 प्रमुख स्कूलों में अवकाश
शहर के एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज, खलील इंटर कॉलेज, एस.वी. इंटर कॉलेज, डीएवी कॉलेजिएट इंटर कॉलेज, रामभरोसे लाल गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 6 और 7 अगस्त को अवकाश रहेगा।
8 अगस्त को पूरे नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थान बंद
प्रशासन के आदेश के अनुसार 8 अगस्त को नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। इसमें यूपी बोर्ड, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध स्कूल-कॉलेज, तकनीकी संस्थान, डिग्री कॉलेज, आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थान भी शामिल हैं। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि उर्स-ए-आला हज़रत का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
