वंदे मातरम् के 150वें वर्ष को समर्पित होगा अभियान, तिरंगा रैली से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक होंगे आयोजित
बरेली : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बरेली में इस वर्ष 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित यह अभियान इस बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव को समर्पित होगा। उन्होंने सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की है।
तिरंगा रैली से लेकर कॉन्सर्ट और प्रदर्शनी तक होंगे आयोजन
डीएम ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता और विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर सभी सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा।
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
डीएम अविनाश सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारिक संगठनों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा भारतीय ध्वज संहिता का पालन करने की अपील की।
‘सेल्फी विद तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ वीडियो होंगे अपलोड
अभियान के डिजिटल स्वरूप के तहत नागरिक हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के फोटो व वीडियो अपलोड कर सकेंगे। इसके लिए जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस अभियान से जुड़ सकें।
राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता को मिलेगा बढ़ावा
डीएम ने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने बरेलीवासियों से आह्वान किया कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में बढ़-चढ़कर भाग लें, अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और अपनी जिम्मेदारी का परिचय देते हुए इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने में योगदान दें।
