नवाबगंज क्षेत्र में तेंदुआ दिखने की सूचना के बाद वन विभाग की कॉम्बिंग जारी, बकरियों पर हमले में तेंदुए की पुष्टि नहीं
बरेली : यूपी के बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ दिखाई देने की चर्चाओं के बीच वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी ने स्पष्ट किया कि अब तक की सघन कॉम्बिंग और जांच में तेंदुए की मौजूदगी का कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला है।हालांकि, जनसुरक्षा को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी और फुट पेट्रोलिंग कर रहा है।
वन विभाग के अनुसार,पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे होने के कारण नवाबगंज क्षेत्र में वन्यजीवों का आवागमन स्वाभाविक है। हाल के दिनों में कुंवरपुर तुलसी पट्टी और भौआ बाजार में तेंदुआ जैसे वन्यजीव के देखे जाने की सूचना ग्रामीणों ने दी थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने पूरे इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया, लेकिन किसी भी प्रकार के प्रमाण नहीं मिले।
इशाक अहमद ने दी थी सूचना
इसी दौरान भौआ बाजार निवासी इशाक अहमद ने अपने खुले बाड़े में बकरियों पर किसी जंगली जानवर के हमले की सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को पांचों बकरियां मृत मिलीं। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि हमला तेंदुए ने नहीं किया है। मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया गया है और हमलावर वन्यजीव की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में की फुट पेट्रोलिंग
एहतियात के तौर पर वन विभाग प्रभावित क्षेत्र में लगातार फुट पेट्रोलिंग कर रहा है और भौआ बाजार में पिंजरा लगाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें। यदि कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे घेरने या उसके पीछे भागने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को आवश्यक होने पर ही समूह में घर से बाहर निकलने और बच्चों को अकेले न भेजने की सलाह दी गई है। वन विभाग का कहना है कि आम जनता के सहयोग से ही वन्यजीवों और लोगों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
