बरेली, लालकुआं और पीलीभीत रूट पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे का फैसला, एक दिन के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन
बरेली : 108वें उर्स-ए-रज़वी में देशभर से आने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने बड़ा फैसला लिया है। उर्स मेले के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 8 अगस्त 2026 को दो जोड़ी उर्स मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये विशेष ट्रेनें इज्जतनगर-लालकुआं-बरेली सिटी और बरेली सिटी -पीलीभीत-इज्जतनगर रूट पर एक-एक फेरा लगाएंंगी। जिससे जायरीनों और यात्रियों को राहत मिलेगी।
उर्स मेला स्पेशल इज्जतनगर से शाम 4:05 बजे होगी रवाना
रेलवे के अनुसार 05319 इज्जतनगर-लालकुआं उर्स मेला स्पेशल ट्रेन इज्जतनगर से शाम 4:05 बजे रवाना होगी और भोजीपुरा, अटामांडा, देवरनियां, बहेड़ी, किच्छा तथा पंतनगर होते हुए शाम 6:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी। वापसी में 05320 लालकुआं-बरेली सिटी स्पेशल रात 8:30 बजे लालकुआं से चलकर इज्जतनगर होते हुए रात 10:40 बजे बरेली सिटी पहुंचेगी।
इसी तरह 05321 बरेली सिटी-पीलीभीत उर्स मेला स्पेशल ट्रेन बरेली सिटी से शाम 4:05 बजे रवाना होकर इज्जतनगर, भोजीपुरा, सेथल, बिजौरिया और शाही समेत विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए शाम 6:00 बजे पीलीभीत पहुंचेगी।
शाम 7:35 बजे चलेगी पीलीभीत से
वापसी में 05322 पीलीभीत-बरेली सिटी स्पेशल शाम 7:35 बजे पीलीभीत से चलकर भोजीपुरा और इज्जतनगर होते हुए अपने निर्धारित मार्ग पर संचालित होगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि उर्स मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जायरीन बरेली पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिले और उनकी यात्रा सुगम एवं सुरक्षित हो सके।
जायरीन की सुविधा को चलाई ट्रेन
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें तथा यात्रा के दौरान रेलवे के सुरक्षा और यात्री सुविधा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
