“राम मंदिर चढ़ावे का पैसा गया कहां?” डिम्पल यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला, FIR और RSS पर भी उठाए सवाल
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संक्षिप्त लेकिन राजनीतिक रूप से तीखा ट्वीट करते हुए राम मंदिर के चढ़ावे और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा-“प्रभु राम का धन, बीजेपी ने किया गबन पेपर लीक कराकर, बर्बाद किया छात्रों का जीवन।”इस ट्वीट के जरिए सपा प्रमुख ने दो प्रमुख मुद्दे उठाए। पहला, राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर पहले से उठ रहे आरोपों का उल्लेख किया और दूसरा, विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
जनता सरकार से नाराज़, चंदा चोरी

समाजवादी पार्टी की मैनपुरी से सांसद डिम्पल यादव ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए राम मंदिर चढ़ावे, कथित भ्रष्टाचार, छात्रों के आंदोलन, एफआईआर और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर कई गंभीर सवाल उठाए। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जनता भाजपा सरकार से निराश और नाराज़ है तथा सरकार को राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और गुप्तदान का हिसाब देना चाहिए। डिम्पल यादव ने कहा कि “जिस तरह प्रभु श्रीराम के मंदिर में चंदा चोरी हुई, जमीन के घोटाले हुए और हर स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ, उसके लिए पूरी तरह भाजपा सरकार जिम्मेदार है। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के चरणों में जो गुप्तदान, चढ़ावा और दान दिया, वह आखिर गया कहां? कौन से संगठनों को चलाने के लिए इस पैसे का इस्तेमाल हो रहा है? जनता इसका जवाब चाहती है।”
उन्होंने कहा कि लोग सरकार से निराश हैं। क्योंकि भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोपों पर जवाब नहीं दिया जा रहा है।
“आंदोलन खत्म हुआ था, फिर बच्चों पर FIR क्यों?”
छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए सपा सांसद ने कहा कि आंदोलन इस सहमति के साथ समाप्त हुआ था कि किसी भी छात्र या छात्रा पर एफआईआर दर्ज नहीं होगी, लेकिन बाद में एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादे से पीछे हट गई।डिम्पल यादव ने कहा, “आंदोलन खत्म ही इस बात पर हुआ था कि किसी भी बच्चे, किसी भी बेटी पर एफआईआर नहीं होगी, तो आखिर एफआईआर हुई क्यों? आप अपनी बात से पीछे हट गए, आपने धोखा दे दिया।”उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन बच्चों के खिलाफ कार्रवाई हुई, वे अदालत के आदेश से बरी हो चुके थे, लेकिन अब 14-15 वर्ष की छात्राओं से माफी मंगवाने का प्रयास किया जा रहा है।
सांसद का बीजेपी और RSS पर हमला

आरएसएस और भाजपा की विचारधारा पर निशाना साधते हुए डिम्पल यादव ने आरोप लगाया कि पूरे देश पर एक विचारधारा थोपने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि “Gen Z के बच्चों ने इसी विचारधारा को चुनौती दी, इसलिए उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। बेटियों को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है। भाजपा और उससे जुड़े संगठन महिलाओं को अपनी विचारधारा से चलाना चाहते हैं।” डिम्पल यादव के इन बयानों के बाद राम मंदिर चढ़ावे, छात्रों पर कार्रवाई और वैचारिक राजनीति को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज होने की संभावना है।
“प्रभु राम का धन, बीजेपी ने किया गबन”… सपा विधायकों का विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी के सभी विधायकों ने किसानों की समस्याओं, खाद की कमी, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून -व्यवस्था, महिला सुरक्षा, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और नीट समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठे सपा विधायकों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “प्रभु राम का धन, बीजेपी ने किया गबन” और “नीट है या चीट है” जैसे नारे लगाए गए। इस धरने में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव समेत समाजवादी पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहे। सपा ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल रही है, जबकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
