उझानी-संजरपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पिता को लेने जा रहे थे दोनों; ट्रैक्टर चालक मौके से फरार
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उझानी-संजरपुर मार्ग पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चचेरे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय मीनू और 16 वर्षीय परी के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संजरपुर गांव निवासी मीनू अपने चाचा जयराम को लेने उझानी जा रहा था। जयराम आगरा जाने के लिए निकले थे, लेकिन बस न मिलने के कारण उझानी में ही रुक गए थे। इसी दौरान परी भी अपने पिता को लेने साथ चलने की जिद कर बाइक पर बैठ गई।
उझानी से करीब आधा किलोमीटर पहले सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू और परी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि परी के सगे भाई धनपाल पहले से ही आगरा में सड़क हादसे के बाद आईसीयू में भर्ती हैं। ऐसे में एक ही परिवार पर लगातार आई इस दूसरी बड़ी त्रासदी से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।