रामपुर मथुरा क्षेत्र में बड़ा हादसा, डीजे वाहन की छत पर बैठे दो युवकों की मौत; चार अन्य गंभीर रूप से झुलसे
सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा क्षेत्र में सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा जागरूकता अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। राजापुर गांव के पास हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से डीजे वाहन पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चेदापुरा निवासी गुड्डू यादव और ग्राम धोरा निवासी संतोष यादव डीजे वाहन की छत पर बैठकर कांवड़ यात्रा को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे थे। इसी दौरान राजापुर गांव के पास वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और पूरे वाहन में करंट दौड़ गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रामपुर मथुरा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। चार अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि डीजे वाहन हाईटेंशन लाइन की चपेट में कैसे आया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।