जटवाड़ा पुल के पास नहाते समय हुआ हादसा, जल पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चंडीगढ़ के चार नाबालिग कांवड़िए गहरे पानी में डूब गए। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे थे चारों दोस्त
पुलिस के अनुसार शिवांशु (16), नितीश (16), रोहित (17) और भरत (16) चंडीगढ़ के रहने वाले थे। सभी 30 जुलाई की रात हरिद्वार कांवड़ लेने पहुंचे थे। शुक्रवार तड़के गंगाजल लेकर वापस लौटते समय वे जटवाड़ा पुल के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे।
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे
गर्मी के कारण चारों दोस्त सुबह करीब चार बजे गंगनहर में नहाने उतर गए। बताया गया कि नहर में सिल्ट जमा होने के कारण अधिकांश हिस्से में पानी कम था, जबकि बीच में गहरा पानी था। चारों रेलिंग पार कर नहाने पहुंचे और अचानक गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गए।
जल पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने संयुक्त अभियान चलाकर चारों युवकों को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, जांच शुरू
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
