बरेली : यूपी के बरेली में बंदरों का बढ़ता आतंक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र के बंडिया गांव में बंदरों के झुंड से बचने के प्रयास में एक युवक पहली मंजिल की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज जारी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बंडिया गांव निवासी जिशान गुरुवार सुबह अपने घर की पहली मंजिल की छत पर किसी काम से गए थे। इसी दौरान बंदरों का एक बड़ा झुंड वहां पहुंच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बंदर अचानक युवक की ओर झपटने लगे। खुद को बचाने के लिए जिशान ने पीछे हटने और वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से नीचे जमीन पर गिर पड़े।
इलाज को निजी अस्पताल में कराया भर्ती
युवक के गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल जिशान को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार उनके सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बरेली में बंदरों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में चलती बाइक पर बंदरों के हमले में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए थे।
बुजुर्ग की हुई थी मौत
इससे पहले आशुतोष सिटी में बंदरों से बचने के प्रयास में एक बुजुर्ग की गिरने से मौत हो चुकी है। वहीं आंवला क्षेत्र में भी एक महिला बंदरों के हमले के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई थी। लगातार हो रही घटनाओं से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के आतंक की शिकायत कई बार वन विभाग और नगर निगम से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि लोगों की सुरक्षा खतरे में है।
आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बंदरों को पकड़ने और आबादी वाले इलाकों से हटाने के लिए जल्द विशेष अभियान नहीं चलाया गया, तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद यदि प्रशासन नहीं चेता, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
