मैनाठेर के डिंगरपुर चौराहे पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया था अवैध कब्जा
मुरादाबाद: मुरादाबाद जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैनाठेर थाना क्षेत्र के डिंगरपुर चौराहे पर बुल्डोजर चलाया। इस दौरान नलकूप विभाग की सरकारी जमीन पर बनी एक दर्जन से अधिक अस्थाई दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी रही।
प्रशासन के अनुसार संबंधित दुकानदारों को सरकारी जमीन खाली करने के लिए पहले ही कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके बाद जिला प्रशासन ने बुल्डोजर कार्रवाई का निर्णय लिया।
शुक्रवार को जिला प्रशासन ने दो बुल्डोजर की मदद से सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुरादाबाद–संभल मार्ग पर स्थित डिंगरपुर चौराहे पर की गई, जहां लंबे समय से नलकूप विभाग की जमीन पर अस्थाई दुकानें संचालित की जा रही थीं।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
रिपोर्ट : रेहान,मुरादाबाद