इंटर कॉलेज में छात्रों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी, पुलिस ने शुरू की जांच
बदायूं: बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित द्रौपदी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को छात्रों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लेने के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
घटना में घायल छात्रों की पहचान कक्षा नौ के छात्र सूर्या सोलंकी (14 वर्ष), कक्षा दस के छात्र आर्यन सोलंकी (16 वर्ष), निवासी मयखेड़ा थाना उझानी तथा कक्षा दस के छात्र भविष्य माथुर (14 वर्ष), निवासी लोची नगला के रूप में हुई है। स्कूल प्रबंधन ने सभी घायलों को तत्काल अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में कक्षा 11 के छात्र प्रशांत गौतम और कक्षा 10 के छात्र कृष्णा ठाकुर पर हमला करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल परिसर में मौजूद छात्रों एवं शिक्षकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के बाद जिला अस्पताल और विद्यालय परिसर में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। अभिभावकों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में छात्र के पास धारदार हथियार कैसे पहुंच गया। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुशल पाल शर्मा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल भेजकर पुलिस को सूचना दी गई। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।