बरेली-मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों से लिया तैयारियों का जायजा, सुरक्षा, यातायात, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बरेली : उत्तर प्रदेश में आगामी कांवड़ यात्रा और सावन माह के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण गुरुवार को बरेली पहुंचे।दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सर्किट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी के अलावा बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन किया प्रस्तुत
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई, चिकित्सा, बिजली, पेयजल और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा और सावन की तैयारियों का बुकलेट और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य सचिव और डीजीपी के दौरे को लेकर सर्किट हाउस में पहले से व्यापक तैयारियां की गई थीं। अधिकारियों ने बैठक से पूर्व व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के आगमन के मद्देनज़र सर्किट हाउस परिसर को विशेष रूप से सजाया गया और बैठक के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
मुख्य सचिव और डीजीपी हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान पहुंचे। यहां से वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, और समीक्षा बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की गई हैं तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
