रामपुर गार्डन स्थित प्रभा सिनेमा में सुबह लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका
बरेली : शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर गार्डन के प्रभा सिनेमा में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सिनेमा हॉल बंद था। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 4:44 बजे कंट्रोल रूम को मिली।सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम सिविल लाइन फायर स्टेशन से रवाना हुई और पहला दमकल वाहन 4:47 बजे घटनास्थल पर पहुंच गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में दमकल की कुल तीन गाड़ियां मौके पर लगाई गईं।
तीन घंटे 11 मिनट की मशक्कत
दमकल कर्मियों ने देखा कि आग सिनेमा भवन के अंदर तेजी से फैल चुकी थी। लगातार पानी की बौछार और रेस्क्यू अभियान चलाते हुए करीब तीन घंटे 11 मिनट की मशक्कत के बाद सुबह लगभग 8 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, घटना के समय सिनेमा हॉल बंद था। इसलिए किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
30 मार्च को जारी की गई थी एनओसी
अधिकारियों ने बताया कि प्रभा सिनेमा के पास 30 मार्च 2026 को जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी मौजूद था। आग से हुए संपत्ति के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। बताया गया कि इससे पहले भी इसी सिनेमा के इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगने की घटना हो चुकी है। अग्निशमन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
