वजीरगंज क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसे, एक ओर ट्रैक्टर पलटने से बच्चे घायल तो दूसरी ओर किसान ट्रैक्टर के हेरों की चपेट में आया
बदायूं: जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग ट्रैक्टर हादसों से अफरा-तफरी मच गई। पहले हादसे में धान की रोपाई के लिए जा रहा ट्रैक्टर पलटने से एक दर्जन से अधिक बच्चे उसके नीचे दब गए। वहीं दूसरे हादसे में खेत की जुताई के दौरान एक किसान ट्रैक्टर से जुड़ी हेरों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुड़िया सतासी क्षेत्र में धान की रोपाई के लिए जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के समय ट्रैक्टर पर सवार एक दर्जन से अधिक बच्चे उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए ट्रैक्टर के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में घायल सभी बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चार बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
इसी दिन वजीरगंज थाना क्षेत्र के करेंगी गांव में खेत की जुताई के दौरान एक और हादसा हो गया। ट्रैक्टर से खेत की ओर जा रहे किसान विपिन सिंह (45), पुत्र नरेश पाल सिंह, ट्रैक्टर से जुड़ी हेरों की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं