Amroha News: सीएम योगी ने 207.49 करोड़ की 43 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- अमरोहा अब पिछड़ा जिला नहीं
वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में जनसभा, विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन और लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र व सहायता
अमरोहा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अमरोहा पहुंचे, जहां उन्होंने श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जिले की प्रसिद्ध ढोलक निर्माण कला का अवलोकन किया और जनसभा को संबोधित करते हुए 207.49 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
43 विकास परियोजनाओं की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने अमरोहा विधानसभा क्षेत्र की 104.35 करोड़ रुपये की 25 परियोजनाओं और धनौरा विधानसभा क्षेत्र की 103.13 करोड़ रुपये की 18 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाणपत्र और सहायता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ग्रामोद्योग रोजगार योजना, स्वयं सहायता समूह, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और किसान ड्रोन अनुदान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक और अन्य सहायता प्रदान की।
अमरोहा की ढोलक और आम की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरोहा का तबला और ढोलक ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के तहत वैश्विक पहचान बना चुके हैं। उन्होंने यहां के आम उत्पादकों की भी सराहना करते हुए कहा कि जिले के किसान अपने उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचा रहे हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे से विकास को मिलेगी नई रफ्तार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे और मध्य गंगा नहर परियोजना अमरोहा के विकास को नई गति देंगी। इससे दिल्ली, लखनऊ और प्रयागराज की दूरी कम होगी और व्यापार, उद्योग तथा निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
2017 से पहले विकास की कल्पना भी नहीं थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में विकास, निवेश और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन करने वाला राज्य बन चुका है। किसानों को अब तक 3.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है और गन्ने का समर्थन मूल्य भी बढ़ाया गया है।
आस्था और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, रामनवमी, दुर्गा पूजा और तिगरी मेले जैसे धार्मिक आयोजनों को पूरा सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
भर्ती में पारदर्शिता और अपराध पर सख्ती
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं और किसी भी सिंडिकेट को युवाओं के अधिकारों पर डाका डालने की अनुमति नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों व माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा से सुशासन और सुशासन से समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
