384 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं की दी सौगात, राम मंदिर, अयोध्या और जातिवाद के मुद्दे पर सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रतापगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ के जीआईसी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए 384 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का अयोध्या से कभी कोई नाता नहीं रहा, वही आज अयोध्या का हिसाब मांग रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं, तब समाजवादी पार्टी को हिंदू याद नहीं आए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष आज राजनीतिक लाभ के लिए आस्था के मुद्दों का इस्तेमाल कर रहा है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस की ओर से कहा गया था कि वहां भगवान हैं ही नहीं। उन्होंने लोगों से ऐसे दलों से सावधान रहने की अपील की, जो समाज में जातिवाद का जहर घोलने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हिंदू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले लोगों को जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी की सिफारिश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।