बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक नर्स ने अस्पताल संचालक के बेटे पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी फहीम अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस अब मामले में साक्ष्य जुटाने और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
टायर फैक्ट्री में काम दिलाने का दिया झांसा
पीड़िता ने एसएसपी अनुराग आर्य को दी शिकायत में बताया कि वह पहले आरोपी के पिता के अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी।नौकरी छोड़ने के बाद अस्पताल संचालक के बेटे ने उसे अपनी टायर फैक्ट्री में अकाउंटेंट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।आरोप है कि इसी बहाने वह उसके संपर्क में बना रहा और धीरे-धीरे उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाने लगा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने की बात कहकर उसका भरोसा जीता और फिर उसी भरोसे का फायदा उठाकर उसका शोषण शुरू कर दिया।
पत्नी की आईडी से होटल में बुक कराया कमरा
शिकायत के अनुसार, आरोपी पीड़िता को प्रेमनगर स्थित एक होटल में ले गया। यहां उसने अपनी पत्नी की आईडी का इस्तेमाल कर कमरा बुक कराया। आरोप है कि वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया गया और इसी दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा और कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता रहा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे मीरगंज समेत अन्य स्थानों पर भी ले गया और नौकरी का झांसा देकर उसका लगातार शोषण करता रहा।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
इस मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया, और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सीओ सिटी फर्स्ट आशुतोष शिवम ने बताया कि 4 जुलाई को प्राप्त तहरीर के आधार पर तत्काल केस दर्ज कर आरोप को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
