अलंकार अग्निहोत्री, निलंबित PCS अधिकारी
कमिश्नर कार्यालय में आरोपपत्र पर रखा पक्ष, राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच पर उठाए सवाल, 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का भी किया ऐलान
बरेली: राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को बरेली स्थित कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शासन की ओर से जारी आरोपपत्र के संबंध में अपना पक्ष प्रस्तुत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया था, और अब शासन को बिना देरी किए उसे स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया, तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि उनका इस्तीफा अंतिम निर्णय है और वह सरकारी सेवा में वापस नहीं लौटना चाहते। उन्होंने कहा कि यदि शासन उनकी मांग नहीं मानता है, तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।
अग्निहोत्री ने इस्तीफा स्वीकार करने की दोहराई मांग
गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे। उन्होंने 26 जनवरी को अपने पद से इस्तीफा दिया था।इसके बाद शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आरोपपत्र पर अपना जवाब दाखिल किया। इसके बाद मीडिया से बात कर तमाम सियासी आरोप लगाए।
राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच पर उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत के दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में केवल निचले स्तर के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह कथित मामला 10 से 15 हजार करोड़ रुपये तक का हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई दस्तावेजी साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।
भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
बरेली के पूर्व सिटी मस्जिट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाली सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के गंभीर मामले सामने आ रहे हैं।उन्होंने दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग में कथित 650 करोड़ रुपये के घोटाले का भी उल्लेख किया और कहा कि विभिन्न मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने दावा किया कि संगठन प्रदेशभर में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर रहा है और जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा।
इस दौरान राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिलाध्यक्ष आयेंद्र कुमार मिश्रा समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
