भोजपुर थाना क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों पर नकदी और जेवर ले जाने का आरोप, प्रारंभिक जांच में मिले संदिग्ध तथ्य, फॉरेंसिक टीम और पुलिस जुटी जांच में
मुरादाबाद : मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में अधिवक्ता के घर दिनदहाड़े कथित चोरी और मारपीट का मामला अब संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है और घटना के हर पहलू की पड़ताल में जुटी है। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सिरसवा गौड़ का है। शिकायतकर्ता खालिद हुसैन पुत्र स्वर्गीय अब्दुल वाहिद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 5 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे बाइक सवार दो नकाबपोश युवक उनके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने उनकी पुत्रवधू आशिया पत्नी सलीम और 10 माह के पोते अरहम के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और घर में रखी करीब तीन लाख रुपये की नकदी तथा लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनका बड़ा बेटा ताहिर पेशे से अधिवक्ता है और एक मुकदमे की पैरवी कर रहा है। उनका आरोप है कि मुकदमे के विपक्षी पक्ष से जुड़े कुछ लोगों ने पैरवी से पीछे हटने का दबाव बनाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिलवाया।
घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में कुछ बिंदु संदिग्ध पाए गए हैं। इसी कारण मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना वास्तविक चोरी की है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।