मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट! विधानसभा स्थगित, चॉल हादसे में 6 मौतें, ट्रेनें प्रभावित
आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए जारी किया रेड अलर्ट, भारी बारिश के बीच विधानसभा स्थगित, भूस्खलन और जलभराव से रेल व सड़क यातायात प्रभावित
मुंबई : मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश तथा तेज हवाओं की चेतावनी के बीच सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सभी विधायकों और नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दीवार गिरने, भूस्खलन और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं अत्यधिक बारिश का परिणाम हैं, न कि प्रशासन की लापरवाही। उन्होंने बताया कि पूरा आपदा प्रबंधन तंत्र, नगर निगम और अन्य एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
चॉल गिरने से छह लोगों की मौत, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मानखुर्द के मंडाला इलाके में भारी बारिश के दौरान तीन मंजिला चॉल का हिस्सा गिरने से हुई छह लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
पश्चिम रेलवे की सेवाएं प्रभावित
लगातार बारिश के कारण पश्चिम रेलवे की सेवाओं पर भी असर पड़ा है। रेलवे के अनुसार, पालघर में पिछले 24 घंटे में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे वसई, नालासोपारा और विरार क्षेत्र में जलभराव हो गया। चर्चगेट से वसई रोड तक लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों को विरार से पहले रोका गया है या उनका संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है।
मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन
मध्य रेलवे के अनुसार, करजत-लोनावला के बीच भोेर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन होने से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट, रीशेड्यूल और शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।
आईएमडी का रेड अलर्ट, 80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, भारी से अत्यधिक भारी बारिश, जलभराव, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चेतावनी दी है। कोंकण तट पर ऊंची लहरों और खराब मौसम के चलते समुद्री गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
बीएमसी की लोगों से अपील
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, पेड़ों, जर्जर इमारतों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स से दूर रहने की अपील की है। समुद्र तटों और जलभराव वाले इलाकों में न जाने की भी सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 1916 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं। शहर में राहत एवं बचाव कार्य के लिए करीब 15 हजार अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
कांग्रेस ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
बारिश के दौरान हुई मौतों और हादसों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार से उच्चस्तरीय जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
