भीषण गर्मी में छत पर सो रहे परिवार पर टूटा बिजली का कहर, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दंपति और 7 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी
मुरादाबाद : मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित एकता कॉलोनी में देर रात एक बड़ा बिजली हादसा हो गया। भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण छत पर सो रहा एक ही परिवार अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में परिवार के तीन सदस्य, जिनमें एक 7 वर्षीय मासूम भी शामिल है, गंभीर रूप से झुलस गए।
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते परिवार छत पर सो रहा था। इसी दौरान बिजली आपूर्ति बहाल हुई और हाईटेंशन लाइन में आए फॉल्ट के कारण करंट की चपेट में आने से ओमपाल सिंह, उनकी पत्नी बबीता और 7 वर्षीय हर्षित गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायल महिला बबीता की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
घटना के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हुए। परिजनों का आरोप है कि घायलों को काफी देर तक बेड नहीं मिला। इस दौरान घायल खुद हाथ में ड्रिप की बोतल पकड़े एक-दूसरे का सहारा लेते हुए नजर आए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
घटना मझोला थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी की है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। बिजली विभाग की ओर से हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट के कारणों की जांच की जा रही है।