दातागंज में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में इनामी बदमाश घायल, एक कांस्टेबल भी हुआ जख्मी, साथी फरार
बदायूं : बदायूं पुलिस का ऑपरेशन लंगड़ा लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत दातागंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हो गया, जबकि आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, दातागंज कोतवाली क्षेत्र के बेलाडाड़ी पुल के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध कार सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया। घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक कांस्टेबल घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी और आरोपी दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दातागंज कोतवाली में दर्ज जहरखुरानी के एक मुकदमे में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ बदायूं समेत अन्य जनपदों में भी आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।