विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त का वीडियो साझा कर बोले- ‘यूपी वाले भाजपाई मुखिया जी लाएंगे नहीं, खुद चले जाएंगे’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या से जुड़े चर्चित चढ़ावा मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले के आरोपी टिन्नू के भाई के बयान “छोटे लोगों को फंसाया जा रहा” समाचार को शेयर कर अपने पोस्ट में लिखा, “फुनगी को फांसी, शाख को माफी।” इसके जरिए उन्होंने कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए संकेत दिया कि पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करने के बजाय निचले स्तर के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। यह टिप्पणी समाचार के संदर्भ में की गई।
सांसद-विधायकों की खरीद का वीडियो किया शेयर
इसके अलावा सपा प्रमुख ने एक अन्य पोस्ट में विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “…उप्रवाले भाजपाई मुखिया जी लाएंगे नहीं, ख़ुद चले जाएंगे।”अखिलेश यादव के इन बयानों को उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा के खिलाफ उनके नए हमले के रूप में देखा जा रहा है। उनके ट्वीट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी का जाना हाल
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी की शुक्रवार सुबह कार्यालय पर अचानक तबियत बिगड़ गई। जिसके चलते लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल में इलाज को तुंरत भर्ती कराया गया। उनको देखने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सेहत का हाल चाल लिया। इसके साथ ही डॉक्टरों से भी बात की। यहां काफी देर तक मौजूद रहे। इसके साथ ही सपा के कई दिग्गज भी अस्पताल पहुंचे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
