शादी की जिद को लेकर प्रेमी के घर पहुंची युवती, मारपीट और धक्कामुक्की का वीडियो वायरल, युवती ने लगाए दुष्कर्म व मारपीट के आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
मुरादाबाद : मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और कथित मारपीट व धक्कामुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेमी के घर पहुंचते ही हुआ बवाल
बताया जा रहा है कि युवती मंगलवार देर रात प्रेमी के घर पहुंची थी। इस दौरान घर की महिलाओं ने उसे बाहर निकाल दिया। वायरल वीडियो में युवती के साथ धक्कामुक्की और कथित मारपीट होती दिखाई दे रही है। काफी देर तक मौके पर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
युवती ने लगाए गंभीर आरोप
युवती का आरोप है कि प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने युवती से पूछताछ की और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो कब का है, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : रेहान, मुरादाबाद
