लखनऊ/भदोही : यूपी के भदोही जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पुलिस कर्मी (सिपाही) ने यौन शोषण के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद आत्महत्या कर ली। मामले ने जिलेभर में सनसनी फैला दी है और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानें पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, सिपाही पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। युवती की शिकायत के आधार पर हाल ही में भदोही पुलिस ने सिपाही के खिलाफ (बलात्कार) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से सिपाही मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवती ने लगाए आरोप
पीड़िता का आरोप है कि सिपाही ने उसे शादी का झांसा दिया और लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो सिपाही मुकर गया। जिसके बाद उसने थाने में लिखित शिकायत दी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मीडिया को बताया कि, “एफआईआर दर्ज होने के बाद सिपाही अवसाद में था। उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।”सिपाही की आत्महत्या के बाद पुलिस विभाग में शोक की स्थिति है। उसके साथ काम करने वाले साथी भी सदमे में हैं। वहीं, विभागीय स्तर पर भी इस तरह की घटनाओं को लेकर मानसिक स्वास्थ्य समर्थन और काउंसलिंग पर विचार किया जा रहा है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सिपाही के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उनका कहना है कि आरोप झूठा था और वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
![]()
