करनी सिंह इंटरनेशनल शूटिंग रेंज में शानदार प्रदर्शन, 50 मीटर प्रोन राइफल में स्वर्ण और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्तौल में रजत पदक पर साधा निशाना
बरेली : दिल्ली के डॉ. करनी सिंह इंटरनेशनल शूटिंग रेंज में आयोजित उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में बरेली के निशानेबाज फरहान उल्लाह ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने 50 मीटर प्रोन राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्तौल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में टीम बरेली का प्रतिनिधित्व फरहान उल्लाह के साथ अकमल जमाल उल्लाह और नाज़िश उल्लाह ने भी किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की खेल जगत में सराहना हो रही है और इसे बरेली के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
चैंपियनशिप के पदक वितरण

समारोह में उत्तर प्रदेश राइफल संघ के अध्यक्ष, पूर्व आईएएस अधिकारी एवं पूर्व सांसद श्याम सिंह यादव सहित संघ के महासचिव मौजूद रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। फरहान उल्लाह की इस सफलता से बरेली के खेल प्रेमियों और शूटिंग समुदाय में खुशी का माहौल है। उनके परिजनों, साथियों और शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है।
