हजरतगंज के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार (1 जुलाई) को पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लखनऊ से लेकर यूपी और देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं ने विशेष कार्यक्रमों की तैयारी की है। कहीं हवन-पूजन और मिठाई वितरण किया जाने लगा, तो कहीं रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और विशाल केक काटने की तैयारी है।
हजरतगंज में हवन-पूजन, बांटी गई मिठाई

जन्मदिन की पूर्व संध्या पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में समाजवादी पार्टी की ओर से विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सपा नेता रितेश साहू ने कराया, जिसमें पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच मिठाई भी वितरित की गई।
54 पाउंड के कटेंगे केक, शरबत वितरण और रक्तदान शिविर
समाजवादी पार्टी की जिला इकाइयों ने भी जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए भव्य कार्यक्रम की घोषणा की है। पार्टी कार्यालय को फूलों और गुब्बारों से सजाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 54 पाउंड का विशाल केक काटा जाएगा। इसके अलावा शरबत वितरण, वृक्षारोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। जिला और महानगर संगठन के पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा सभी फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
बधाइयों के संदेश से भरा सोशल मीडिया
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के जन्मदिन पर प्रदेश और देश भर के सपाई बधाई संदेश दे रहे हैं। इसके साथ ही कार्यालय से लेकर जिलों में बधाई के फ्लेक्स और पोस्टर लगे हैं। इसके अलावा अखिलेश यादव ने कई शोक संदेश भी जारी किए। उन्होंने बाराबंकी के पूर्व सांसद और वरिष्ठ समाजवादी नेता स्वर्गीय राम सेवक यादव के पुत्र अमिताभ सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना की। इसके अलावा वरिष्ठ छायाकार प्रकाश की पत्नी ऊषा देवी के निधन पर भी उन्होंने संवेदना व्यक्त की। वहीं झांसी के समथर निवासी, समाजवादी युवजन सभा के कार्यकारिणी सदस्य विवेक वर्मा के चाचा एवं पूर्व पार्षद राम सिंह बंसकार के असामयिक निधन पर भी शोक जताते हुए परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
जन्मदिन पर सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश
समाजवादी पार्टी का कहना है कि इस बार अखिलेश यादव का जन्मदिन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रक्तदान, वृक्षारोपण और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सरोकार का संदेश भी दिया जाएगा। प्रदेशभर में पार्टी की विभिन्न इकाइयों द्वारा कई स्थानों पर जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
