सीएम योगी बोले- विरासत का सम्मान ही प्रगति का आधार, नगर निगम को मिली रोबोटिक सीवर मशीनें और CNG कूड़ा वाहन,एक पेड़ मां के नाम के तहत किया पौधरोपण
बरेली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली दौरे के दौरान विकास, स्वच्छता और सांस्कृतिक विरासत को लेकर कई बड़े फैसले किए। उन्होंने नगर निगम को 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहन और मशीनें सौंपकर शहर की सफाई व्यवस्था को नई तकनीक से जोड़ने की शुरुआत की। इसके साथ ही जीआईसी ऑडिटोरियम का नाम बदलकर ‘पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन’ किया और उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उनकी पैतृक हवेली को संग्रहालय (म्यूजियम) के रूप में विकसित करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बेल का पौधा भी लगाया तथा दीप चैरिटेबल ट्रस्ट की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का उद्घाटन किया। सीएम के कार्यक्रम में सुरक्षा चाक चौबंद थी। डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह, और एसएसपी अनुराग आर्य कई दिन से जिम्मेदारी संभाले हुए थे। इस दौरान मेयर डॉ.उमेश गौतम, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, मंत्री डॉ.अरुण कुमार सक्सेना, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा,सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, एमएलसी एवं पूर्व मंत्री बहोरन लाल मौर्य, विधायक डॉ.डीसी वर्मा,विधायक डॉ.राघवेंद्र शर्मा, विधायक डॉ.एमपी आर्य, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि गंगवार, समेत तमाम प्रमुख भाजपाई मौजूद थे।
शहर को मिले 60 आधुनिक स्वच्छता वाहन

सर्किट हाउस परिसर में मुख्यमंत्री ने नगर निगम के स्वच्छता बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 50 सीएनजी ऑटो टिपर,छह रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, दो स्किड लोडर और दो बैकहो लोडर शामिल हैं। इन वाहनों के जरिए शहर के 80 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को और तेज किया जाएगा। नगर निगम अब घरों से निकलने वाले कचरे को गीला, सूखा, सैनिटरी और स्पेशल केयर वेस्ट की चार श्रेणियों में अलग-अलग एकत्र करेगा।
रोबोटिक मशीनें करेंगी सीवर की सफाई

मुख्यमंत्री ने जिन रोबोटिक सीवर क्लीनिंग मशीनों को रवाना किया। वह बिना किसी कर्मचारी को मैनहोल में उतारे सीवर की सफाई करेंगी। इन मशीनों में 360 डिग्री सफाई, पकड़ने, उठाने और गाद निकालने जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। इससे मैनुअल स्कैवेंजिंग पर रोक लगाने और सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट जल्द होगा शुरू
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में शहर के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को जल्द संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
GIC ऑडिटोरियम का नाम बदला, प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन से सीधे जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंचे। यहां उन्होंने ‘पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति भवन’ का लोकार्पण किया और पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिस समाज ने अपनी विरासत का सम्मान किया। उसी ने विकास के नए आयाम स्थापित किए, जो अपनी सांस्कृतिक धरोहर का अपमान करता है। वह स्वयं अपने पतन का मार्ग तैयार करता है।
सनातन भारत की आत्मा …
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामकथा से देश को जोड़ा, गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस के माध्यम से समाज को दिशा दी और आधुनिक काल में वही कार्य पंडित राधेश्याम कथावाचक ने सरल भाषा में ‘राधेश्याम रामायण’ लिखकर किया। उन्होंने कहा कि “सनातन भारत की आत्मा है और इस आत्मा को मजबूत करने वाले महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हमारी जिम्मेदारी है।”
पंडित राधेश्याम की हवेली बनेगी म्यूजियम

मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए कि पंडित राधेश्याम कथावाचक की पैतृक हवेली को संग्रहालय के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाए।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना के लिए हर संभव वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग देगी ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके साहित्य और जीवन से प्रेरणा ले सकें।
परिजनों से मिले मुख्यमंत्री
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंडित राधेश्याम कथावाचक के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। उनकी पौत्री शारदा भार्गव समेत परिवार के कई सदस्य इस अवसर पर मौजूद रहे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में लगाया बेल का पौधा

सर्किट हाउस परिसर में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बेल का पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की।
मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का शुभारंभ भी किया। यह वैन ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा

बरेली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था,विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को लंबित परियोजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विरोध को लेकर हाउस अरेस्ट का आरोप
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान क्रांतिकारी किसान मंच ने आरोप लगाया कि इंकलाबी मजदूर केंद्र के शहर सचिव ध्यान चंद्र मौर्य और ऑटो यूनियन के अध्यक्ष कृष्णपाल को प्रशासन ने एहतियातन उनके घरों में ही रोक दिया। संगठन ने इसे अलोकतांत्रिक बताते हुए विरोध दर्ज कराया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
