बरेली : रुहेलखंड डिपो की एक रोडवेज बस के चालक पर शॉर्टकट के चक्कर में 25 यात्रियों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगा है। यात्रियों का कहना है कि मथुरा से बरेली आ रही बस को चालक ने आधी रात हाईवे छोड़कर गांव और जंगल के रास्ते दौड़ा दिया। इस दौरान बस एक गहरे गड्ढे में पलटने से बाल-बाल बच गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यात्रियों का आरोप है कि विरोध करने पर चालक और परिचालक अभद्रता पर उतर आए। उन्होंने चालक पर नशे की हालत में बस चलाने और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने का भी आरोप लगाया है।
ऑनलाइन दर्ज कराई शिकायत
इस घटना के बाद यात्रियों ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। रुहेलखंड डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार वाजपेई ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। यह जांच की जाएगी कि चालक ने हाईवे छोड़कर बस गांव के रास्ते क्यों निकाली। जांच में आरोप सही पाए जाने पर चालक और परिचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
