आईजीआरएस शिकायत पर मीरगंज के कमालपुर गांव में कार्रवाई, तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए
बरेली : यूपी के बरेली में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ औषधि विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को मीरगंज तहसील के कमालपुर गांव में औषधि विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस संचालित हो रहे एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर करीब 30 हजार रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं जब्त कर लीं। कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। औषधि विभाग के अनुसार यह मेडिकल स्टोर प्रभात कुमार द्वारा बिना वैध औषधि विक्रय लाइसेंस के संचालित किया जा रहा था। जिलाधिकारी और सहायक आयुक्त (औषधि), बरेली मंडल के निर्देश पर औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत के बाद एक्शन
यह कार्रवाई आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के दवाओं की बिक्री कर रहा है। जांच के दौरान शिकायत सही मिलने पर विभाग ने मौके से एलोपैथिक दवाओं को जब्त कर नियमानुसार फॉर्म-16 के तहत सीज कर दिया।
तीन संदिग्ध दवाओं के लिए सैंपल
टीम ने तीन संदिग्ध दवाओं के सैंपल जांच को भेजे छापेमारी के दौरान टीम ने तीन संदिग्ध दवाओं के नमूने भी एकत्र किए। इन नमूनों को गुणवत्ता और वैधता की जांच के लिए राजकीय औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि यदि जांच में दवाएं मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आई तो संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक प्रभात कुमार एवं अन्य संभावित दोषियों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत न्यायालय में परिवाद दाखिल कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध मेडिकल स्टोरों पर विभाग की नजर
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोरों और अवैध दवा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर संचालित होने की जानकारी हो तो उसकी शिकायत प्रशासन या आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराएं।
