बरेली : शहर की बारादरी थाना पुलिस ने सुरेश शर्मा नगर क्षेत्र में बंद मकानों का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए जेवरात को बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
4 जून को हुई थी दो मकानों में लाखों की चोरी
पुलिस के अनुसार 4 जून को सुरेश शर्मा नगर निवासी अनिल अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके और पड़ोसी गिरीराज किशोर मांगलिक के घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी दबोचे
लगातार जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने 25 जून को मुखबिर की सूचना पर सम्राट अशोक नगर मार्ग से बदायूं निवासी राजा खान, यूसूफ और हिना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सोने के हार,चेन,अंगूठियां, झुमके, टॉप्स, मंगलसूत्र, नोजपिन, चांदी की पायल, सिक्के, बर्तन, 45,950 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में खुला चोरी का पूरा खेल
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजा खान ने बताया कि उसने अपने साथी यूसूफ के साथ सुरेश शर्मा नगर में बंद पड़े मकानों की रेकी की थी। बाद में अकबर और हसन उर्फ डबुआ के साथ मिलकर दोनों मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।आरोपियों ने घरों से जेवरात, नकदी और चांदी के बर्तन चोरी किए थे। चोरी के बाद सभी अलग-अलग हो गए और मामला शांत होने का इंतजार कर रहे थे ताकि सामान बेचकर रकम का बंटवारा किया जा सके।
महिला आरोपी करती थी चोरी का माल छिपाने और बेचने का काम
गिरफ्तार महिला हिना ने पूछताछ में बताया कि उसका पति अकबर और देवर राजा खान पहले भी कई चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। उसका काम चोरी के माल को छिपाना और बेचने में मदद करना था। पुलिस के अनुसार गैंग लंबे समय से बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
