सहसवान के नयागंज मोहल्ले में वारदात, बंद मकान को निशाना बनाकर छत के रास्ते घर में घुसे चोर
बदायूं : जिले के सहसवान नगर में अज्ञात चोरों ने एक रिटायर्ड अध्यापक के घर को निशाना बनाकर नकदी और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक इलाज के लिए दिल्ली गए हुए थे और घर पर ताला लगा हुआ था। चोरी की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सहसवान के मोहल्ला नयागंज निवासी रिटायर्ड अध्यापक सोछरण त्यागी इलाज के सिलसिले में दिल्ली स्थित एम्स गए हुए थे। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे जब वह वापस अपने घर लौटे तो चोरी की घटना का पता चला।
पीड़ित के अनुसार चोर छत के रास्ते घर में घुसे और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ था कि चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली थी।
चोर घर में रखे करीब 12 हजार रुपये नकद, चार चांदी की चूड़ियां और अन्य सामान चोरी कर ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में चिंता का माहौल है।
पीड़ित ने घटना की सूचना सहसवान कोतवाली पुलिस को दे दी है। पुलिस ने मौके की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।