बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) को भूखंड नीलामी शिविर से बड़ी सफलता मिली। रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी से प्राधिकरण को करीब 35 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। इसके साथ ही बीडीए ने जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए एक नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना का भी ऐलान किया है।
नीलामी शिविर में 35 करोड़ रुपये की आय

बरेली विकास प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन में आयोजित नीलामी शिविर में रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विभिन्न श्रेणी एवं क्षेत्रफल के रिक्त आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन किया गया। नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को लगभग 35 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। शिविर में बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय,सचिव वंदिता श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बरेली में विकसित होगी नई औद्योगिक टाउनशिप

बीडीए ने जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और उत्तर प्रदेश सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को समर्थन देने के लिए नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना प्रस्तावित की है। इसके लिए बरेली तहसील के रसूला चौधरी तथा मीरगंज तहसील के भिटौरा नौगंवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली और रहपुरा जागीर गांवों की कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जाएगी।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, बढ़ेंगी सुविधाएं
प्राधिकरण के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। औद्योगिक निवेश बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही सड़क,बिजली,पेयजल, जल निकासी और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में सुनियोजित शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा। BDA का मानना है कि यह परियोजना बरेली के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
