SSP अनुराग आर्य बोले- अपराधियों के मन में कानून का खौफ जरूरी
बरेली : यूपी की बरेली पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिले में बीते करीब दो वर्षों के दौरान पुलिस मुठभेड़ों में 200 अपराधी घायल हुए हैं, जबकि दो कुख्यात अपराधी मारे गए। इसके साथ ही सैकड़ों अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और कई लोगों को माफिया के रूप में चिन्हित किया गया है। यह जानकारी एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।
2 साल में 200 अपराधी मुठभेड़ में घायल, दो की मौत
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अपराध और अपराधियों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी के तहत निरोधात्मक कार्रवाई, हिस्ट्रीशीट खोलना, गैंगस्टर एक्ट लगाना और जरूरत पड़ने पर मुठभेड़ों के माध्यम से अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग दो वर्षों में जिले भर में 200 अपराधी पुलिस मुठभेड़ों के दौरान घायल हुए हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दो ऐसे कुख्यात अपराधी भी मारे गए, जिन पर हत्या और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज थे।
इज्जतनगर, बारादरी और भोजीपुरा में सबसे ज्यादा कार्रवाई
एसएसपी के अनुसार मुठभेड़ों में घायल हुए अपराधियों में सबसे अधिक 22 अपराधी इज्जतनगर थाना क्षेत्र से, 19 बारादरी से, 15 भोजीपुरा से और 14 आंवला क्षेत्र से जुड़े हैं। अपराध की श्रेणी के आधार पर देखें तो पुलिस कार्रवाई में 45 गौकश, 39 लूट के आरोपी, 24 हत्या के आरोपी, 21 चोरी के आरोपी और 11 डकैती के आरोपी घायल हुए हैं। इसके अलावा चेन स्नेचिंग करने वाले 9 अपराधियों को भी पुलिस कार्रवाई के दौरान गोली लगी है।
479 हिस्ट्रीशीट, 104 नए गैंग और 16 माफिया चिन्हित
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया है।पिछले दो वर्षों में 479 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इसके अलावा 104 नए गैंग पंजीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले लगभग 200 गैंग पंजीकृत थे, जिनमें अब 104 और गैंग जोड़कर उनका अभिलेखीकरण किया गया है। वहीं 16 लोगों को माफिया के रूप में चिन्हित किया गया है और 42 गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस मुख्य रूप से नशे का कारोबार, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और संगठित अपराध से जुड़े लोगों को माफिया के रूप में चिन्हित कर रही है।
अपराधियों को SSP का सख्त संदेश, 84 और लोग माफिया सूची में
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि अपराधियों के लिए साफ संदेश है कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस न्यायालय में भी मामलों की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है, जिसके चलते कई अपराधियों को आजीवन कारावास तक की सजा दिलाई गई है।खासकर महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराधों तथा पॉक्सो एक्ट के मामलों में विशेष टीमों के माध्यम से प्रभावी पैरवी कराई जा रही है। एसएसपी ने बताया कि वर्तमान में 84 ऐसे अन्य व्यक्तियों की सूची तैयार की गई है, जिनका आपराधिक इतिहास लंबा है और जिन्हें आगे माफिया के रूप में चिन्हित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना और आम लोगों को सुरक्षित माहौल देना है।
